सूरी। पश्चिम बंगाल के बीरभूम में यात्रियों से खचाखच भरी एक बस शनिवार को एक पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में बस में सवार एक यात्री की मौत हो गई जबकि 25 यात्री घायल हो गए। घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार मुर्शिदाबाद से एक बस यात्रियों को लेकर बीरभूम जिले के पथारचापुर गांव जा रही थी। जब बस चमना के पास पहुंची तो असंतुलित होकर एक पेड़ से टकरा गई और पलट गई। बस पलटने से बस में सवार करीब 25 यात्री घायल हो गए जबकि एक यात्री की मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को कांडी मोहोकुमा अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर गंभीर रूप से घायल एक यात्री की मौत हो गई। वहीं 25 अन्य यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इनमें से कई महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार गंभीर घायल चार लोगों को मुर्शिदाबाद के कांडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घायलों में कई लोग बस की छत पर बैठकर यात्रा कर रहे थे।
वार्ता