प्रदेश में 21 मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे : शिवराज

Samachar Jagat | Saturday, 05 Nov 2016 10:40:25 PM
21 medical colleges in the state would : Shivraj

जबलपुर। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में 21 मेडिकल कालेज खोले जाएंगे। चौहान शनिवार को यहां पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्व. ईश्वरदास रोहाणी की तीसरी पुण्य-तिथि कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जनता को सेवा और सुविधा उपलब्ध करवाने में धन की कमी नहीं आने दी जाएगी।

जबलपुर के विकास के स्व. ईश्वरदास रोहाणी के सपनों को पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्व. रोहाणी के काम, उनका ²ष्टिकोण और जन-सेवा की भावना सराहनीय थी। उन्होंने कहा कि हमारा एक ही सपना है, जनता की सेवा। उन्होंने आश्वस्त किया कि जबलपुर को विकास के मामले में भोपाल और इंदौर से पीछे नहीं रहने दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अगले तीन वर्ष में इस क्षेत्र के विकास पर 3,900 करोड़ की राशि खर्च की जाएगी। कार्यक्रम में चौहान ने 24 करोड़ की लागत से बने शोभापुर रेलवे ओव्हर-ब्रिज का लोकार्पण और 12 करोड़ की लागत से राँझी में बनने वाले ज्ञानोदय विद्यालय का भूमि-पूजन भी किया। उन्होंने दिल में छेद से पीडि़त 153 बच्चों के इलाज के लिए 2 करोड़ रुपए स्वीकृत किए।

कार्यक्रम में नगर निगम द्वारा 27 वार्ड को खुले में शौच से मुक्त घोषित कर इन वार्ड के पार्षदों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, केन्द्रीय राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री रुस्तम सिंह एवं राज्य मंत्री शरद जैन ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्व. ईश्वरदास रोहाणी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की।



 
loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.