वैश्विक संकेतों से सोना, चांदी में आई गिरावट

Samachar Jagat | Wednesday, 24 May 2017 04:47:20 PM
Gold Silver prices fall on global cues

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पीली धातु में जारी गिरावट का असर बुधवार को दिल्ली सर्राफा बाजार पर भी दिखा जहां सोना 100 रुपए टूटकर 29100 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया और चांदी 400 रुपए फिसलकर 39600 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई।

लंदन से मिली जानकारी के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोना में गिरावट का रुख बना हुआ है। निवेशक अमेरिकी फेडरल रिजर्व की पिछली बैठक के मिनट जारी होने का इंतजार करते हुए सतर्कता बरत रहे हैं। सत्र के दौरान अभी सोना 1251.27 डॉलर प्रति औंस पर चल रहा है। अमेरिका सोना वायदा 3.60 डॉलर लुढक़ कर 1251.70 डॉलर प्रति औंस पर है।

विश्लेषकों का कहना है कि निवेशकों के सतर्कता बरतने से कीमती धातुओं पर दबाव बना है। अमेरिका के फेडरल रिजर्व की बैठक के मिनट से यह स्पष्ट हो सकेगा कि बैठक में ब्याज दरों पर चर्चा हुई है या नहीं। यदि हुई है तो ब्याज दरों में कब तक बदलाव होने की संभावना है और जब तक इसको लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो जाती है तब तक कीमती धातुओं पर दबाव दिख सकता है।

इस दौरान चांदी 0.1 प्रतिशत गिरकर 17.02 डॉलर प्रति औंस बोली गई।

स्थानीय स्तर पर वैवाहिक सीजन होने के कारण मांग आ रही है लेकिन वैश्विक स्तर पर हो रही गिरावट के कारण घरेलू स्तर पर कीमतों पर दबाव बना है। दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 100 रुपए टूट कर 29100 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा लेकिन गिन्नी पिछले दिवस के स्तर पर टिकी रही।

चांदी में गिरावट देखी गई। सफेद धातु 400 रुपए टूटकर 39600 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। चांदी वायदा 190 रुपए उतर कर 39510 रुपए प्रति किलोग्राम पर रही। हालांकि, सिक्का लिवाली और बिकवाली में टिकाव देखा गया और यह क्रमश: 71 हजार रुपए और 72 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर रहा।

कारोबारियों का कहना है कि घरेलू स्तर पर मांग आ रही है लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कीमती धातुओं में जारी गिरावट की वजह से कीमतों पर दबाव बना है। इसके साथ ही डॉलर के कमजोर पडऩे से भी सोना और चांदी वैश्विक स्तर पर टूटा है।

दिल्ली सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम (रुपए में) इस प्रकार रहे :-
सोना स्टैंडर्ड प्रति दस ग्राम : 29,100
सोना बिटुर प्रति दस ग्राम : 29,950
चांदी हाजिर प्रति किलोग्राम : 39,600
चांदी वायदा प्रति किलोग्राम : 39,510
सिक्का लिवाली प्रति सैकड़ा : 71,000
सिक्का बिकवाली प्रति सैकड़ा : 72,000
गिन्नी प्रति आठ ग्राम : 24,400



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.