सोने -चांदी ने खोई चार सप्ताह की चमक

Samachar Jagat | Sunday, 05 Mar 2017 11:55:44 AM
gold silver glitter four weeks of lost

नई दिल्ली। विदेशी बाजारों में सोने की कीमतोंं मेें भारी गिरावट तथा घरेलू स्तर पर मांग की सुस्ती से गत सप्ताह दिल्ली सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं ने लगातार चार सप्ताह की अपनी चमक खो दी। घरेलू बाजार में गत सप्ताह शुक्रवार को छोडक़र अन्य सभी पांच कारोबारी दिवस 30,000 रूपए के आंकड़े में रहने वाले सोने की खुदरा खरीदारी कम हो गई, जिससे सोना स्टैंडर्ड 75 रूपए की साप्ताहिक गिरावट के साथ 30,105 रूपए प्रति दस ग्राम पर आ गया।

 इसी तरह औद्योगिक मांग तथा सिक्का निर्माताओं के उठाव में आई भारी कमी से चांदी में 700 रूपए की भारी साप्ताहिक गिरावट रही और यह 43,100 रूपए प्रति किलोग्राम पर आ गई।

आलोच्य सप्ताह में अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में सोने के भाव में काफी गिरावट दर्ज की गई। लंदन तथा न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार सोना हाजिर 40.25 डॉलर गिरकर सप्ताहांत पर 1,237.45 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। अप्रैल का अमेरिकी सोना वायदा भी 23 डॉलर लुढक़कर 1,235 डॉलर प्रति औंस पर रहा। बाजार विश्लेषकों का कहना है कि आलोच्य सप्ताह में अधिकतर दिवस दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर कमजोर रहा लेकिन इससे पीली धातु को पर्याप्त बढ़त नहीं मिल पाई।

सोने के भाव पर अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दर बढाने की संभावना हावी रही। निवेशक ब्याज दर में बढ़ोतरी की संभावना के चलते सोने में कम निवेश कर रहे हैं, जिससे इसकी मांग कमजोर पड़ गयी है। लंदन में चांदी हाजिर भी 0.38 डॉलर फिसलकर सप्ताहांत पर 17.96 डॉलर प्रति औंस के भाव पर बंद हुई।

घरेलू बाजार में वैवाहिक मांग कमजोर पड़ गई है और सोने की कीमतें भी बढ़ी हुई हैं, जिससे खरीदार कोताही बरतने लगे हैं। कम खरीद की वजह से दोनों कीमती धातुओं की चमक लगातार चौथे सप्ताह की बढ़त के बाद फीकी पड़ गई है। 

गत सप्ताह बाजार खुलने पर सोमवार को सोना 50 रूपए लुढक़कर 30,125 रूपए प्रति दस ग्राम पर खुला था। मंगलवार को सोना 50 रुपये चमककर 30,150 रूपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया । महंगे दाम पर खुदरा खरीदारी कम हो गई जिससे बुधवार को इसमें 150 रूपए की गिरावट दर्ज की गई।

गुरुवार को इसके भाव स्थिर रहे। शुक्रवार को यह 275 रूपए लुढक़कर सप्ताह में पहली बार 30,000 रूपए से नीचे 29,725 प्रति दस ग्राम पर चला गया। सोने की कीमतों में आई गिरावट को देखकर इसकी मांग बढ़ गई जिससे कारोबार के अंतिम दिन शनिवार को इसमें 375 रूपए का सुुधार हुआ। 

सोना बिटुर भी 75 रूपए की साप्ताहिक गिरावट के साथ 29,950 रूपए प्रति दस ग्राम बोला गया। हालांकि, आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,500 रूपए पर स्थिर रही।

चांदी बाजार खुलने पर सोमवार को 80 रूपए की बढ़त के साथ 43,880 रूपए प्रति किलोग्राम पर रही। मंगलवार को इसमें 50 रूपए की तेजी रही और बुधवार को स्थिर रही। गुरुवार को सिक्का निर्माताओं की मांग निकलने से चांदी 200 रूपए चमककर 44 हजार के आकंड़े के पार 44,050 रूपए प्रति किलोग्राम बोली गई।

शुक्रवार को इसके भाव में 1,350 रूपए की जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई लेकिन शनिवार को यह 400 रूपए चढ़ गई। शुक्रवार को कीमतों में आई भारी गिरावट की वजह से चांदी हाजिर 700 रूपए भारी साप्ताहिक गिरावट के साथ 43,100 रूपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। 

सिक्का लिवाली तथा बिकवाली के भाव में शुक्रवार को 1000 -1000 रूपए की गिरावट आई लेकिन शनिवार को इनकी कीमतें वापस 1000-1000 रपये चढक़र 74 हजार और 75 हजार रूपए प्रति सैकड़ा पर स्थिर हो गए।

कारोबारियों ने बताया कि सर्राफा बाजार में वैवाहिक मांग कम हो रही है और सोने की कीमतों में बढ़त बनी हुई है जिससे आगे इसकी कीमतें गिर सकती हैं। सोने की कीमतों पर वैश्विक दबाव भी बना हुआ है।



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.