नई दिल्ली। वित्त वर्ष 2016-17 की पहली छमाही में स्वर्ण आयात करीब 55 प्रतिशत घटकर 7.88 अरब डॉलर रहा। इस गिरावट से चालू खाता घाटा कम होने की उम्मीद है।
वित्त वर्ष 2015-16 की अप्रैल-सितंबर अवधि में स्वर्ण आयात 17.42 अरब डॉलर रहा था।
वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक वैश्विक और घरेलू बाजारों में सोने की कीमत की गिरावट का असर दिख रहा है।
मंत्रालय के अनुसार सितंबर में स्वर्ण आयात में लगातार आठवें महीने गिरावट आई है और यह 10.3 प्रतिशत गिरकर 1.8 अरब डॉलर रहा।
आयात में इस गिरावट से व्यापार घाटा सितंबर में इस साल 8.33 अरब डॉलर रहा जबकि पिछले साल सितंबर में यह 10.16 अरब डॉलर था।
आंकड़ों के मुताबिक आलोव्य अवधि में चांदी का आयात भी 71.29 प्रतिशत गिरकर 13.916 करोड़ डॉलर रहा जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 48.474 करोड़ डॉलर था।