सोना तीन वर्ष के उच्च स्तर से फिसला, 600 रुपए की गिरावट

Samachar Jagat | Friday, 11 Nov 2016 12:05:10 AM
Gold falls from 3-year high, tumbles Rs 600

नई दिल्ली। स्टॉकिस्टों की मुनाफावसूली के बीच आभूषण विक्रेताओं की मांग में भारी गिरावट के कारण सोना अपने तीन वर्ष के उच्च स्तर पर कायम नहीं रह पाया और 600 रुपए की गिरावट को प्रदर्शित करता हुआ 31,150 रुपए प्रति 10 ग्राम तक नीचे आ गया। लेकिन विदेशों में सोने की कीमतों में तेजी आई।

सिक्का निर्माताओं की कमजोर उठान के बीच स्टॉकिस्टों की बिकवाली से चांदी की कीमत भी 300 रुपए की गिरावट के साथ 45,000 रुपए के स्तर से नीचे 44,700 रुपए प्रति किग्रा रह गई।

बाजार सूत्रों ने कहा कि मौजूदा उच्च स्तर पर आभूषण विक्रेताओं की लिवाली गतिविधियां धीमी पडऩे से मुख्यत: बहुमूल्य धातुओं की कीमतें तीन वर्ष के उच्चतम स्तर से नीचे आ गई।

हालांकि विदेशों में सोने में मजबूती का रुख रहा जहां सिंगापुर में सोने की कीमत में 0.92 प्रतिशत की तेजी आई जिसके कारण यहां गिरावट पर कुछ अंकुश लग गया।

राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोना 99.9 और 99.5 प्रतिशत शुद्धता की कीमत 600-600 रुपए की गिरावट के साथ क्रमश: 31,150 रुपए और 31,000 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई।

अमेरिका के राष्ट्रपति के चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की विजय के बीच विदेशों में मजबूती के रुख और काला धन पर अंकुश लगाने के लिए सरकार के द्वारा अधिक मूल्य वाले 500 और 1,000 रुपए के नोटों को चलन से बाहर करने के फैसले के बाद सोना बुधवार को 900 रुपए की तेजी के साथ तीन वर्ष के उच्चतम स्तर 31,750 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर को छू गया।

गिन्नी के भाव में 100 रुपए की गिरावट के साथ 24,600 रुपए प्रति 8 ग्राम पर बंद हुए।

गिरावट के आम रुख के अनुरूप चांदी तैयार की कीमत 300 रुपए की गिरावट के साथ 44,700 रुपए प्रति किग्रा और चांदी साप्ताहिक डिलीवरी 375 रुपए की गिरावट के साथ 43,900 रुपए प्रति किग्रा पर बंद हुई।

दूसरी ओर चांदी सिक्कों की कीमत लिवाल 77,000 रुपए और बिकवाल 78,000 रुपए प्रति सैकड़ा पर स्थिरता का रुख दर्शाते बंद हुए।

देश के चार महानगरों व् जयपुर के सर्राफा बाजार में आज सोने ,चांदी के बंद भाव इस प्रकार रहे...

  दिल्ली मुंंबई कोलकाता चेन्नई जयपुर
चांदी प्रति किलोग्राम 44,700 45,270 44,500 45,105 48,256
सोना प्रति दस ग्राम 31,150 30,560 31,700 31,260 32,280

 

कमोडिटी मार्केट में सोना, चांदी, क्रूड ऑयल, कॉपर और क्रूड पाम ऑयल के भाव इस प्रकार रहे...

  ओपन पिछला बंद बंद
सोना (रुपए प्रति 10 ग्राम) 30,053 29,877 29,930
चांदी (रुपए प्रति किलोग्राम) 43,535 43,379 44,225
क्रूड ऑयल (रुपए प्रति बैरल) 3,025 3,043 3,018
कॉपर (रुपए प्रति किलोग्राम) 367.20 360.85 376.60
क्रूड पाम ऑयल (रुपए प्रति 10 किलो) 517.70 521.00 524.20


 



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.